Jamshedpur News: जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम के तत्वाधान में खेल मंत्रालय भारत सरकार और खेलो इंडिया के तहत अस्मिता सिटी लीग 2026 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 अप्रैल 2026 को जमशेदपुर के धातकीडीह कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने किया। प्रतियोगिता में 16 टीमों की 160 बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं, वहीं आगे वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
खेल भावना के साथ आगे बढ़ें खिलाड़ी
इस मौके पर एसडीएम धालभूम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना से खेलने और पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में राज्य बॉक्सिंग संघ के सचिव आनंद बिहारी दुबे, पूर्व ओलंपियन बास्केटबॉल खिलाड़ी हरभजन सिंह, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महिला सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है मुख्य उद्देश्य
अस्मिता सिटी लीग का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, उभरती प्रतिभाओं को मंच देना और जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति का विकास करना है। साथ ही यह आयोजन महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और फिट इंडिया के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।