Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने लिट्टी चौक के पास एक तस्कर को 51.81 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लिट्टी चौक के पास हुई घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर लिट्टी चौक के आसपास बिक्री के लिए पहुंचा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि संदिग्ध युवक को मौके से दबोच लिया गया।
तलाशी में 275 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 275 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 51.81 ग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.97 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक आसमानी रंग का सैमसंग स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में हुआ सप्लाई नेटवर्क का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. शाहिद (32 वर्ष) निवासी मदरसा के पास, मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी, थाना बर्मामाइंस, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खड़गपुर से ब्राउन शुगर लाकर बर्मामाइंस क्षेत्र की एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर जमशेदपुर में इसकी बिक्री करता था। इसी दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि मो. शाहिद के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास बर्मामाइंस थाना में दर्ज विभिन्न कांडों से जुड़ा हुआ है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मो. फैज अहमद, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी राजू टुडू, पुलिस अवर निरीक्षक राजू लाल स्वांसी तथा पुलिस अवर निरीक्षक सुशांत मुंडी सहित सिदगोड़ा थाना की पुलिस टीम शामिल रही।