Jamshedpur Crime News: जुगसलाई थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर की रसोई में रखे दाल के डिब्बे से ब्राउन शुगर की 50 पुड़िया बरामद की हैं. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 7.88 ग्राम बताया गया है. गिरफ्तार महिला की पहचान हिना उर्फ हेना परवीन के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में एक महिला द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया.
इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान महिला के घर की रसोई में रखे दाल के डिब्बे से दो अलग-अलग कागज के बंडल मिले. दोनों बंडलों में 25-25 पुड़िया थीं. पुलिस ने कुल 50 पुड़िया बरामद कीं, जिनमें 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर पाया गया.
सहयोगियों के साथ कारोबार करने की बात कही
पुलिस की पूछताछ में हिना उर्फ हेना परवीन ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर जुगसलाई थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करती थी.
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया है. मामले में महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी.
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अनुसंधान जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.