Jamshedpur: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के समीप 1 जून को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस ने 48 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि फायरिंग की घटना में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर शामिल थे। घटना के बाद आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
पहले एक आरोपी हुआ था गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई के दौरान 13 जून को आरोपी तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई। लगातार दबिश के चलते मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी (24 वर्ष), निवासी रहमतनगर, कपाली ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे 48 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद कर लिया।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा।