Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के छायानगर में मंगलवार सुबह एक युवक की लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
सुबह कुछ लोगों ने युवक को मृत हालत में देखा. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. मौके पर पहुंची सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. मृतक की पहचान ह्यूमपाइप निवासी चंदन गिरी के तौर पर हुई है.
बताया गया कि चंदन का ससुराल छायानगर में ही है.
गले पर मिले निशान, हत्या का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में चंदन की मौत संदिग्ध लग रही है. आशंका है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी आनंद मिश्रा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास की जगहों की जांच की. स्थानीय लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चंदन आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था.
चंदन का आपराधिक इतिहास भी रहा है
थाना प्रभारी के मुताबिक, चंदन गिरी का पहले आपराधिक इतिहास रहा है. इसी वजह से पुलिस पुरानी रंजिश समेत दूसरे संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी.