JEE Ans. Key: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2026 के पहले सत्र की प्रोविजनल आंसर की (Answer Key) और रिस्पॉन्स शीट जारी कर दी है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट Jeemain.nta.nic.in पर जाकर एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा.
6 फरवरी तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति
एनटीए ने प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने का भी मौका दिया है. अभ्यर्थी छह फरवरी तक किसी भी प्रश्न पर चुनौती दे सकते हैं. इसके लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. आपत्तियों की जांच के बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी.
21 से 29 जनवरी के बीच हुई थी परीक्षा
जेईई मेन का पहला सत्र 21 जनवरी से 29 जनवरी के बीच कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित किया गया था. इस सत्र का परिणाम 12 फरवरी को घोषित किया जाएगा. धनबाद से लगभग 1200 छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे.
दूसरे सत्र के बाद तय होगी रैंक
एनटीए के अनुसार ऑल इंडिया रैंक और अंतिम कटऑफ दूसरे सत्र की परीक्षा पूरी होने के बाद ही जारी की जाएगी. फिलहाल छात्र प्रोविजनल आंसर की के आधार पर अपने अंक का अनुमान लगा सकते हैं.
दूसरा सत्र दो अप्रैल से होगा शुरू
जेईई मेन का दूसरा सत्र दो अप्रैल से नौ अप्रैल के बीच आयोजित किया जाएगा. इसके लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 25 फरवरी तय की गई है. अनारक्षित पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 1000 रुपये और अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 रुपये रखा गया है.
एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र
दूसरे सत्र के लिए प्रवेश पत्र परीक्षा से तीन दिन पहले जारी किया जाएगा. इसका संभावित परिणाम 20 अप्रैल को आने की उम्मीद है. धनबाद में बलियापुर रोड स्थित आइओन डिजिटल सेंटर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
आंसर की जारी होने से छात्रों को अपने प्रदर्शन का अंदाजा लगाने का अवसर मिलता है और वे आगे की रणनीति तय कर सकते हैं. समय पर परिणाम और पारदर्शी प्रक्रिया से एनटीए की प्रणाली पर भरोसा भी मजबूत होता है.