Jamshedpur News: जमशेदपुर के साकची स्थित अभिषेक जुबली के पास हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे, जिनमें से एक युवक ने उतरकर एक राउंड हवाई फायरिंग की। घटना के वक्त आसपास की दुकानें खुली हुई थीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।
मौके से खोखा बरामद, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास की दुकानों को बंद करवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक खोखा भी बरामद हुआ, जिसे जब्त कर अपने साथ ले जाया गया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से घटना के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
फायरिंग से दहशत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने घटना होने की पुष्टि की है। वहीं, पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है और फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है, जबकि लोग पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।