Gumla News : जिले के घाघरा थाना परिसर के पीछे अचानक भड़की भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और थाना में जप्त कई वाहन इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। वहीं थाना परिसर के समीप स्थित एक गुमटी भी आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह राख हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण दमकल विभाग को बुलाना पड़ा।
दमकल की मशक्कत के बाद आग पर काबू, लाखों के नुकसान की आशंका
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। गुमटी संचालक विमल घोष ने बताया कि इस हादसे में उन्हें करीब 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं जप्त वाहनों के जलने से भी बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
कचरे में आग लगाने से हादसे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी के अनुसार थाना के पीछे कचरा फेंका जाता था और आशंका है कि किसी ने उसमें आग लगा दी, जिससे यह बड़ी घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि घटना को लेकर थाना प्रभारी खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए, जिससे कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।