Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-24

Gumla News: गुमला में दर्दनाक घटना, मां ने दो बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

Gumla: घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी के रूप में हुई है। उनके साथ जान गंवाने वालों में पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव और चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी शामिल हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि परदेशनी पिछले कई महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान थीं और उनका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा था।

नहाने जाने की बात कहकर निकली थी घर से
महिला के पति जगन्नाथ उरांव के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे परदेशनी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकली थीं। बताया जाता है कि वह घर के पास स्थित कुएं की ओर गई थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब तीनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। परिवार के सदस्य और ग्रामीण आसपास खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान जगन्नाथ उरांव की नजर कुएं के भीतर पड़ी, जहां पानी में कोई कपड़ा तैरता दिखाई दिया। संदेह होने पर ग्रामीणों को बुलाया गया और रस्सी तथा अन्य साधनों की मदद से कुएं की तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान सबसे पहले बच्चे का शव दिखाई दिया। इसके बाद महिला और उसकी बेटी के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मनातू गांव में गहरा शोक है। पड़ोसी और ग्रामीण इस घटना से बेहद दुखी हैं। परिजनों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या की घटना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !