सोने के दाम में आई नरमी, चेन्नई में बना अलग रिकॉर्ड
आज के कारोबार में 24 कैरेट सोना अधिकतर शहरों में 1,170 रुपये से 1,280 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ. इसके बाद विभिन्न बाजारों में इसकी कीमत 1,40,770 रुपये से 1,44,560 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच दर्ज की गई. वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,29,040 रुपये से 1,32,510 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. हालांकि चेन्नई में बाजार का रुख बाकी शहरों से अलग रहा. यहां 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,560 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,32,510 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. दोनों श्रेणियों में 520 रुपये से 570 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की बढ़त दर्ज की गई.
अंतरराष्ट्रीय संकेतों का दिखा असर
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और निवेशकों की बदलती रणनीति का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. इसी वजह से अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में नरमी दर्ज की गई, जबकि कुछ बाजारों में स्थानीय मांग के कारण अलग रुख देखने को मिला.
चांदी ने बनाई नई ऊंचाई
सोने में कमजोरी के बीच चांदी की कीमत में मजबूत तेजी दर्ज की गई. शुरुआती कारोबार में चांदी 5,200 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी होकर दिल्ली सर्राफा बाजार में 2,40,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई. कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार और निवेशकों की गतिविधियों के आधार पर सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.