Giridih News : गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिरसिया गांव में पायल कुमारी हत्याकांड को लेकर राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा भी मौजूद रहीं।
मंत्री ने घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं तथा दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में गुस्सा और मातम का माहौल
20 मई को सिरसिया पुराने पुल के नीचे पायल कुमारी का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। ग्रामीण लगातार दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
महापौर प्रमिला मेहरा ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि शहर की जनता इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।