Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-10

Giridih News : दशकर्म के दौरान तालाब में डूबने से दो की मौत, एक महिला गंभीर

Giridih News : जिले के गावां थाना क्षेत्र के भिखी गांव में शुक्रवार दोपहर दशकर्म के दौरान तालाब में नहाने गए लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तालाब में डूबने से 45 वर्षीय कलवतिया देवी और 17 वर्षीय अंजली कुमारी की मौत हो गई, जबकि 45 वर्षीय शिखा कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।


मृतकों की पहचान पिहरा के खेरडा निवासी महेंद्र प्रसाद यादव की पत्नी कलवतिया देवी (45) और बिरने निवासी विजय यादव की पुत्री अंजली कुमारी (17) के रूप में हुई है। वहीं भिखी निवासी बहादुर यादव की पत्नी शिखा कुमारी (45) गंभीर रूप से घायल हैं।

एक किशोरी को बचाने में पांच महिलाएं डूबीं, दो की गई जान

जानकारी के अनुसार अंजली कुमारी अपने ननिहाल भिखी गांव में श्राद्धकर्म में शामिल होने आई थी, जबकि कलवतिया देवी भी खेरडा से दशकर्म में शामिल होने पहुंची थीं। सभी महिलाएं गांव के पश्चिम दिशा स्थित तालाब में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान अंजली गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में पीछे-पीछे अन्य महिलाएं भी तालाब में उतर गईं और देखते ही देखते कुल पांच महिलाएं डूबने लगीं।

ग्रामीणों और परिजनों ने सभी को बाहर निकालकर तत्काल गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. काजिम खान ने जांच के बाद अंजली कुमारी और कलवतिया देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिखा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। अन्य दो महिलाओं का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी, बादीडीह मुखिया प्रतिनिधि कांग्रेस यादव, बिरने मुखिया चंदन कुमार और कांग्रेस नेता मरगूब आलम अस्पताल पहुंचे तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।

सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !