Giridih News : तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में बुधवार शाम वज्रपात की घटना से हड़कंप मच गया। सकरी नदी किनारे हुए इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। बताया गया कि शाम करीब चार बजे अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और सभी उसकी चपेट में आ गए।
दो की मौत, चार घायल, गांव में पसरा मातम
हादसे में नूनमनी कुमार और अमन कुमार तुरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आफताब अंसारी और राजू तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चरना रविदास और चंदन कुमार को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी, खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी किनारों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा गया है। इस हादसे ने एक बार फिर मौसम संबंधी सावधानियों की जरूरत को रेखांकित किया है।