Garhwa News : गढ़वा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान टंडवा निवासी 35 वर्षीय मुन्ना प्रसाद सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे बीएनटी स्कूल के समीप स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुई। गोली मुन्ना प्रसाद सोनी के सीने के बाईं ओर पसली के नीचे लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए रांची रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई है।
आपसी विवाद के बाद फायरिंग की आशंका
पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है, जिसमें उसने घटना से जुड़े कुछ लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद गोली चलने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ईंट भट्ठे पर कुछ लोगों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक हो गया और फायरिंग की घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की पहचान में जुटी है।