Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे श्री बंशीधर नगर-विशुनपुरा मुख्य पथ पर कोईंदी गांव के जोरी महुआ के पास खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास, दमकल ने पाया काबू
आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
रेणुकूट से ओडिशा जा रहा था ब्लीचिंग पाउडर लदा ट्रक
ट्रक चालक कोईंदी गांव निवासी आलेमीन अंसारी ने बताया कि वह गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती सोनभद्र जिले के रेणुकूट से ब्लीचिंग पाउडर लोड कर ओडिशा के जालेश्वर जा रहा था। रास्ते में अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसने ट्रक मालिक को इसकी जानकारी दी। मालिक के निर्देश पर ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर वह घर चला गया था।
सुबह चालक बदला, लेकिन रवाना होने से पहले लगी आग
आलेमीन के अनुसार, शुक्रवार सुबह दूसरे चालक को ट्रक की चाबी भी सौंप दी गई थी। लेकिन ट्रक आगे बढ़ पाता, उससे पहले ही उसमें भीषण आग लग गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ट्रक में आग कैसे लगी।