Gamharia: गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के पास मंगलवार को दिनदहाड़े झपट्टा मार गिरोह की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला से पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता रूपा दास अपने बच्चे को स्कूल से घर लेकर लौट रही थीं। जैसे ही वे ब्लॉक कार्यालय के पास पहुंचीं, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और तेजी से भाग निकले।
पर्स में थे नकद राशि और जरूरी दस्तावेज
पीड़िता ने बताया कि उनके पर्स में करीब 8,700 रुपये नकद के साथ-साथ Bank of India के खाते से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी थे। उन्होंने बताया कि वे फाइनेंस की किस्त जमा करने जा रही थीं, तभी रास्ते में यह घटना हो गई। अचानक हुई इस वारदात से वे घबरा गईं और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद शुभम कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और आदित्यपुर थाना को इसकी जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि आम लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।