Delhi: नए साल के पहले दिन रेलवे ने देश को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से पटरी पर दौड़ने लगेगी। उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन का संचालन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में गुजरात के सूरत–बिलिमोरा सेक्शन पर ट्रेन चलाई जाएगी, इसके बाद वापी–सूरत, वापी–अहमदाबाद, ठाणे–अहमदाबाद और अंत में पूरा मुंबई–अहमदाबाद रूट शुरू होगा।
गुजरात में भूमि अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका
रेल मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। 508 किलोमीटर लंबे मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन होंगे। बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किमी प्रति घंटा होगी, जिससे मुंबई से अहमदाबाद का सफर महज दो घंटे में पूरा किया जा सकेगा। अब तक 300 किलोमीटर से अधिक वायाडक्ट का निर्माण पूरा हो चुका है, वहीं अंडरसी टनल में भी तेजी से काम जारी है। गुजरात में भूमि अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है।
मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर तय किया गया
इसी के साथ रेल मंत्री ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी के मध्य में देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाएगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। ट्रेन में बेहतर बर्थ, एलईडी लाइट्स, ऑटोमैटिक डोर, वाई-फाई, सीसीटीवी और फूड सर्विस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया 2300 से 3600 रुपये के बीच होगा, जिसे मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर तय किया गया है।