East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी पंचायत के कोईमा गांव निवासी 26 वर्षीय दिव्यांग युवक आशीष घोष को नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी ने व्हीलचेयर भेंट की। इस पहल से अब आशीष के दैनिक आवागमन और सामान्य गतिविधियों में काफी सहूलियत मिलेगी। बताया गया कि झामुमो के स्थानीय कार्यकर्ता बेनुधर घोष ने आशीष घोष की स्थिति से कुणाल षाड़ंगी को अवगत कराया था। सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पहल करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई, ताकि दिव्यांग युवक को आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके।
"जरूरतमंदों की मदद सामाजिक दायित्व"
इस अवसर पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सहायता करना सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह व्हीलचेयर आशीष घोष के जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस मानवीय पहल के लिए नाम्या स्माइल फाउंडेशन और कुणाल षाड़ंगी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि समय पर मिली यह सहायता आशीष घोष के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इस मौके पर झामुमो प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन, बिनोद बाघाल, हार्ड राम सोरेन, रघुलाल मुर्मू, रविलाल सोरेन, पद्मलोचन बेरा, रामानंद गोस्वामी, रंजीत सीट और प्रदीप गिरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।