Dumka News: झारखंड के दुमका जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर थाना क्षेत्र के दुधानी टावर चौक स्थित एक होटल में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना अंतर्गत सकरीकित्ता रामपुर निवासी मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है. सादिक पेशे से एक मदरसा शिक्षक थे और बुधवार को एक महिला के साथ होटल में रुके थे. गुरुवार को होटल कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रेम प्रसंग की चर्चा: हिरासत में ली गई महिला भी विवाहित
पुलिस ने मौके से मृतक के साथ ठहरी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. महिला की पहचान बोआरिजोर के बनगांव निवासी राधिका राय के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सादिक और राधिका दोनों पहले से शादीशुदा हैं, लेकिन उनके बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे. इसी सिलसिले में दोनों दुमका आए थे और होटल में रुके थे. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि शिक्षक की मौत के पीछे क्या कोई साजिश है या यह प्राकृतिक कारणों से हुई है.
तबीयत बिगड़ने और तड़पने का महिला ने दिया बयान
हिरासत में ली गई महिला ने पुलिस को बताया कि सादिक खाना खाकर कमरे में लौटे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगे. महिला के अनुसार, सादिक के शांत होने पर उसे लगा कि वे सो गए हैं, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल न होने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उसने शोर मचाकर होटल कर्मियों को जानकारी दी. हालांकि, पुलिस महिला के बयानों की सत्यता की जांच कर रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज व रजिस्टर की भी बारीकी से जांच की जा रही है. नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.