Dhanbad News : जिले में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ताजा मामला चिरकुंडा थाना क्षेत्र का है, जहां प्रतिबंधित मांगुर मछली के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर अपराधियों के बीच संघर्ष तेज होता दिख रहा है।जानकारी के अनुसार, विवेकानंद कॉलोनी निवासी व्यवसायी रौशन बर्णवाल को निशाना बनाते हुए अज्ञात अपराधियों ने उनके घर के बाहर खड़ी ऑटो पर तड़के फायरिंग कर दी। अपराधियों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से इलाके में डर का माहौल बन गया।
ऑटो पर चली दो राउंड गोलियां, मौके से खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए। क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाने ले जाया गया है। पीड़ित के परिवार की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और सुरक्षा की मांग की गई है।
अवैध कारोबार पर उठे सवाल, पुलिस की भूमिका पर भी चर्चा
गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले ही स्थानीय विधायक ने क्षेत्र में मांगुर मछली, बालू, कोयला, लोहा और लॉटरी जैसे अवैध कारोबारों के खुलेआम संचालन का आरोप लगाया था। ऐसे में फायरिंग की इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।