Dhanbad News : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से रविवार को बीसीसीएल के अनुपूर्णा भवन में मेगा लीगल इंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। अधिकार आपका, प्रयास हमारा अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में करोड़ों रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। लाभुकों को मुआवजा राशि, नियुक्ति पत्र, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ और विधिक सहायता एक ही मंच से उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा ने विभिन्न विभागों के चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। इस दौरान बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, धनबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
3.76 करोड़ का चेक और कई नियुक्ति पत्र भी बांटे गए
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी, कानूनी परामर्श और आवश्यक सहायता प्रदान की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभुकों से संवाद भी किया।
निकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क एवं त्वरित न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत गांवों, पंचायतों और विद्यालयों में लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं।
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बीसीसीएल हमेशा जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा है। वहीं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे शिविर पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान कविता देवी के स्वयं सहायता समूह को 3 करोड़ 76 लाख रुपये का चेक, पप्पू पासवान को भूमि अधिग्रहण के एवज में 29 लाख रुपये का मुआवजा तथा रिया कुमारी, सरिता कुमारी और अंजली कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। हाथी के हमले से प्रभावित रविलाल मुर्मु को भी मुआवजा राशि दी गई। इसके अलावा कई अन्य लाभुकों को स्वीकृति पत्र, नियुक्ति पत्र और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।