Dhanbad News : धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आसनसोल-गया पैसेंजर ट्रेन में टिकट चेक कर रही एक फर्जी महिला टीटी को पकड़ा गया। फर्जी टीटी की पहचान ट्रेन में पहले से तैनात महिला टीटी ने की, जिसके बाद उसे रेल जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कथित फर्जी टीटी सीतारामपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी। इसके बाद वह यात्रियों के टिकट की जांच करने लगी। इसी दौरान ट्रेन में ड्यूटी पर मौजूद महिला टीटी को उस पर शक हुआ। पूछताछ और जांच के बाद उसके फर्जी टीटी होने का खुलासा हुआ।

सियालदह के अमित सेन के जरिए नौकरी का दावा
पकड़ी गई महिला ने पूछताछ के दौरान सियालदह निवासी अमित सेन के जरिए नौकरी मिलने का दावा किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई फर्जी टीटी नाबालिग बताई जा रही है।
फर्जी टीटी को पकड़ने के बाद रेल कर्मचारियों ने उसे जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसके कहने पर ट्रेन में टिकट जांच कर रही थी और इस पूरे मामले में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। मामला धनबाद रेल मंडल से जुड़ा है। पुलिस की जांच के बाद ही फर्जी टीटी के दावे और पूरे नेटवर्क की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।