Dhanbad: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल ने बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वालों के खिलाफ शनिवार को विशेष अभियान चलाया। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और प्रमुख ट्रेनों में पूरे दिन एवं रात तक चले इस मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान 606 यात्रियों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान रेलवे ने कुल 5,29,375 रुपये का जुर्माना वसूल किया। रेल मंडल की ओर से गठित टिकट जांच टीमों ने धनबाद स्टेशन सहित मंडल से गुजरने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में व्यापक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान प्रत्येक श्रेणी के कोच में यात्रियों के टिकटों की बारीकी से पड़ताल की गई। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण करना था।
इन यात्रियों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान ऐसे यात्री पकड़े गए जो बिना टिकट सफर कर रहे थे, गलत श्रेणी के टिकट पर यात्रा कर रहे थे, वैध यात्रा प्राधिकार के बिना ट्रेन में सवार थे या निर्धारित सीमा से अधिक बिना बुकिंग कराए सामान लेकर चल रहे थे। रेलवे अधिनियम के तहत सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया गया। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व की सुरक्षा और ईमानदारी से टिकट खरीदकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे। रेलवे का कहना है कि बेटिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए औचक जांच नियमित रूप से जारी रहेगी।
यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट खरीदने और उसी श्रेणी में सफर करने की अपील की है, जिसके लिए टिकट जारी किया गया है। सामान्य श्रेणी का टिकट लेकर स्लीपर या एसी कोच में यात्रा करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। रेलवे ने यह भी कहा कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले यात्रियों के पास वैध प्लेटफॉर्म टिकट या यात्रा टिकट होना चाहिए। वहीं, निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों को उसका बुकिंग शुल्क पहले ही जमा कर देना चाहिए, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की कार्रवाई से बचा जा सके। रेलवे का कहना है कि ऐसे अभियान रेलवे व्यवस्था को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार जारी रहेंगे।