Dhanbad News: शहर मे फिर से एक बार चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है। घटना सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के समीप स्थित तपोवन कॉलोनी की है जहां बीती रात चोरों ने सुदेश दुबे के घर का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के जेवर सहित अन्य कीमती सामान ले उड़े।
घर का दरवाजा टुटा देख पड़ोसियों को हुआ शक
जानकारी के अनुसार, सुदेश दुबे अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में लगभग एक सप्ताह से घर से बाहर हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और बड़े आराम से घर का कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार सुबह जब उन्होंने घर का दरवाजा टूटा देखा तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत घर ले मालिक और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की गहन जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
एसआई नरेंद्र तिवारी ने बताया कि घरवालों के अनुपस्थित रहने के कारण फिलहाल चोरी हुए सामान का सही आकलन नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि चोरों ने बड़े इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।