Dhanbad News: कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चाणक के समीप सोमवार को अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। एक घर के ठीक बगल में जमीन धंसने के बाद गहरा गोफ बन गया, जिसमें एक मवेशी गिर गया। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मवेशी को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धंसने से पहले जोरदार आवाज सुनाई दी। इसके बाद देखते ही देखते घर के पास बड़ा गड्ढा बन गया। मवेशी के गोफ में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग अपने स्तर पर उसे सुरक्षित निकालने में जुटे रहे।
घरों के पास गोफ बनने से बढ़ी चिंता
घटना के बाद आसपास रहने वाले परिवारों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जमीन के और धंसने की आशंका बनी हुई है। घर के बिल्कुल समीप गोफ बनने से किसी बड़े हादसे को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके का तत्काल निरीक्षण कराने और गोफ के आसपास सुरक्षा घेरा बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो जान-माल का नुकसान हो सकता है।
BCCL के अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद BCCL का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कोयलांचल क्षेत्र में भू-धंसान की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने BCCL प्रबंधन से घटनास्थल की जांच कराने, गोफ की घेराबंदी करने और जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कतरास में पहले भी हो चुकी हैं भू-धंसान की घटनाएं
कतरास और आसपास के कोयलांचल इलाकों में भू-धंसान की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। छाताबाद, सलेक्टेड गोविंदपुर और काजूबगान समेत कई इलाकों में जमीन धंसने से गोफ बनने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।