Current News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान "ओली दराजाली दोस्तलिक" से सम्मानित किया गया। ताशकंद में आयोजित कार्यक्रम में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। इस सम्मान के साथ ही पीएम मोदी को विभिन्न देशों से मिले सर्वोच्च राजकीय सम्मानों की संख्या 36 हो गई है।
सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ-साथ साझा विकास लक्ष्यों पर आगे बढ़ने को लेकर चर्चा की।
व्यापार और निवेश समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति
भारत और उज्बेकिस्तान ने व्यापार एवं निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने और आपसी सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। ताशकंद पहुंचने पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया था।
36 देशों ने पीएम मोदी को किया सम्मानित
उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी उन चुनिंदा वैश्विक नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें बड़ी संख्या में देशों ने अपने सर्वोच्च राजकीय सम्मानों से नवाजा है। उपलब्ध सूची के अनुसार, 2016 से 2026 के बीच 36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न सर्वोच्च या प्रमुख राजकीय सम्मान प्रदान किए हैं।
इनमें सऊदी अरब का किंग अब्दुलअजीज सैश (2016), अफगानिस्तान का स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान (2016), फलस्तीन का ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन (2018), यूएई का ऑर्डर ऑफ जायद (2019), अमेरिका का लीजन ऑफ मेरिट (2020), रूस का ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल (2024) और भूटान का ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो (2024) शामिल हैं।
2025-26 में कई देशों ने दिए प्रमुख सम्मान
वर्ष 2025 में मॉरीशस, श्रीलंका, साइप्रस, घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, ब्राजील, नामीबिया, इथियोपिया और ओमान समेत कई देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने प्रमुख राजकीय सम्मानों से सम्मानित किया।
वहीं 2026 में इजराइल, स्वीडन, नॉर्वे, स्लोवाकिया, सेशेल्स और इंडोनेशिया के बाद अब उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान भी इस सूची में जुड़ गया है। इससे पहले इजराइल ने "मेडल ऑफ द नेसेट", स्वीडन ने "रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार", नॉर्वे ने "ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट", स्लोवाकिया ने "ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस", सेशेल्स ने "गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन" और इंडोनेशिया ने "बिंतांग आदिपूर्णा" से पीएम मोदी को सम्मानित किया था।