Chatra News: चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के बगमारी गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. मृतक की पहचान अजय गंझू के रूप में हुई है. घटना को लेकर परिजनों ने गांव की एक महिला के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अजय का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई.
पहले भी हो चुकी थी पंचायत
परिजनों के मुताबिक अजय का गांव की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था. इस संबंध को लेकर गांव में कई बार पंचायत और सामाजिक बैठकों का आयोजन किया गया था. बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था.
जंगल ले जाकर मारपीट करने का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात महिला के परिजनों ने अजय को जबरन पकड़ लिया और उसे जंगल की ओर ले गए. वहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई. आरोप है कि गंभीर रूप से घायल करने के बाद देर रात उसे उसके घर के बाहर छोड़ दिया गया.
सुबह हुई मौत
परिजनों ने बताया कि घर पहुंचने के बाद अजय ने पानी पिया और आराम करने के लिए सो गया. हालांकि बुधवार सुबह जब परिवार के लोग उसे उठाने पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद लावालौंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.