Chandil News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओ.पी. पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने काफी समय से वांछित अप्राथमिकी अभियुक्त शेख राज उर्फ चोट्टा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी शाही कॉलोनी, गौसनगर, कपाली का रहने वाला है. पुलिस टीम ने उसे मंगलवार को उसके ठिकाने से धर दबोचा और बुधवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया है.
दिसंबर 2025 का है पूरा मामला
यह मामला कपाली ओ.पी. थाना में दर्ज एक पुराने कांड से जुड़ा हुआ है. दिसंबर 2025 में बीएनएस (BNS) 2023 की धारा 305(a), 324(4) और 331 के तहत मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को इस घटना में शेख राज उर्फ चोट्टा की संलिप्तता के पुख्ता साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद उसे अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था. तभी से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.
कपाली ओ.पी. थाना की पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान चलाया था. गुप्त सूचना और तकनीकी सेल की मदद से आरोपी के शाही कॉलोनी स्थित गौसनगर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे.