Bokaro News : बोकारो पुलिस ने संभावित आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम करते हुए जरीडीह थाना क्षेत्र से दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लूट और रंगदारी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
गुप्त सूचना पर देर रात छापेमारी, हथियार बंगाल से खरीदने की बात कबूली
जरीडीह थाना क्षेत्र के तिरो टोला रजवारडीह में गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ बेरमो (तेनुघाट) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 19 वर्षीय विक्रम कुमार दास और 19 वर्षीय विक्रम कुमार कपरदार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके घर के छज्जे और तकिए के नीचे छिपाकर रखे गए दो देशी रिवॉल्वर, दो देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल की ओर से आए दो अज्ञात लोगों से ये अवैध हथियार खरीदे थे। पुलिस के अनुसार दोनों इन हथियारों के जरिए रंगदारी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने सभी अवैध हथियार जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और उनका आपराधिक नेटवर्क कितना बड़ा है।