Ranchi News : बोकारो की 14 वर्षीय लापता बच्ची से जुडे मामले में झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई से कराने को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। सरकार को शपथ पत्र के माध्यम से बताना होगा कि उसे मामले की सीबीआई जांच पर कोई आपत्ति है या नहीं। मामले की अगली सुनवाई 20 अगस्त को होगी।
सीबीआई जांच पर सरकार से मांगा जवाब
पिछली सुनवाई में कोर्ट ने सीबीआई जांच के संबंध में केंद्र सरकार का पक्ष जानने के लिए केंद्र सरकार के अधिवक्ता प्रशांत पल्लव को निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि मामले में विस्तृत जांच की जरूरत को देखते हुए इसे सीबीआई को सौंपने पर विचार किया जा सकता है। जरूरत पडने पर सीबीआई को राज्य पुलिस की मदद भी मिल सकती है।
सुनवाई के दौरान CID की ओर से बताया गया था कि बच्ची के सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ सुराग मिले हैं। जांच के लिए Meta से डेटा हासिल करना जरूरी होगा और मामला क्रॉस बॉर्डर भी हो सकता है। इस पर कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई के पास राज्य पुलिस की तुलना में ज्यादा अधिकार हैं, इसलिए मामले को सीबीआई को सौंपा जा सकता है।
2020 से लापता है बच्ची
CID की ओर से दाखिल जवाब में कोर्ट को बताया गया कि लापता बच्ची का फेसबुक अकाउंट अभी भी सक्रिय है। अकाउंट से जुडी जानकारी हासिल करने के लिए Meta से अनुमति लेनी होगी। बच्ची 16 अक्टूबर 2020 से लापता है। मामले को लेकर बोकारो के पिंडराजोरा थाना में FIR दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में मामले को अपहरण का मामला माना गया था।
पुलिस को घटनास्थल के पास बच्ची की साइकिल, चप्पल और किताबें भी मिली थीं। फिलहाल मामले की जांच CID कर रही है। अब हाई कोर्ट में 20 अगस्त को होने वाली सुनवाई में सरकार के जवाब के बाद मामले की आगे की दिशा तय होगी।