Bokaro News : बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दामाद ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर ससुर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।मामला चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मामरकुदार स्थित कृष्ण पूजा भंडार निवासी गौतम कुमार मिश्रा से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी झरिया निवासी राकेश कुमार मिश्रा से की थी।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राकेश कुमार मिश्रा अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और आए दिन धमकी भी देता रहता था। इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पूर्व नियोजित तरीके से हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
आरोप है की, दहेज विवाद को लेकर आरोपी राकेश कुमार मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ मामरकुदार पहुंचा और पूर्व नियोजित तरीके से अपने ससुर गौतम कुमार मिश्रा पर हमला कर दिया। इस दौरान लकड़ी काटने वाली कुल्हाड़ी से उन पर कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।