Bokaro News : नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में चास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लड़की को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपी आरियन अली जमान को गिरफ्तार किया है।
तकनीकी जांच से मिला सुराग, कोलकाता में छापेमारी कर बरामदगी
पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन पर 28 अप्रैल 2026 को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर एसडीपीओ (सदर, चास) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 1 मई को कोलकाता के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नाबालिग को आरोपी के घर से बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी, आगे की जांच जारी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को अपने परिचित के घर में छिपाकर रखा था। चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।