Bokaro News: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी सेल में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. कंपनी प्रबंधन ने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी है और 30 जून 2026 को सभी इकाइयों में एक साथ प्रमोशन ऑर्डर जारी किए जाएंगे. इससे बोकारो स्टील प्लांट समेत देशभर की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत करीब 7 हजार कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा.
यह पदोन्नति बोकारो स्टील, दुर्गापुर स्टील, बर्नपुर स्टील, राउरकेला स्टील और भिलाई स्टील सहित सेल की सभी इकाइयों में लागू होगी. प्रबंधन ने इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है. कर्मचारियों के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन यानी सीसीआर के आधार पर उनकी पात्रता तय की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, जिन कर्मचारियों और अधिकारियों को सीसीआर में "सी" ग्रेड मिला है, उन्हें इस बार पदोन्नति के लाभ से बाहर रखा जाएगा. वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी. खासकर ऐसे कर्मचारियों पर ध्यान दिया जा रहा है, जो पिछले तीन से चार वर्षों से एक ही ग्रेड में कार्यरत हैं.
अनाधिशासी संवर्ग में एस-1 से एस-10 ग्रेड तक पदोन्नति दी जाएगी. वहीं अधिकारी वर्ग में सहायक प्रबंधक से लेकर उप महाप्रबंधक स्तर तक प्रमोशन ऑर्डर जारी होंगे. कई नवप्रोन्नत अधिकारियों का विभागीय बदलाव या अन्य इकाइयों में तबादला भी किया जा सकता है.
अधिकारी वर्ग में प्रबंधक और उससे ऊपर के पदों के लिए केवल सीसीआर ही नहीं, बल्कि साक्षात्कार भी अनिवार्य होगा. इसके लिए बीएसएल सहित सेल की सभी इकाइयों में अगले महीने तक इंटरव्यू कमेटी का गठन किया जाएगा. इस समिति की अध्यक्षता संबंधित इकाई के अधिशासी निदेशक करेंगे, जबकि विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे.
साक्षात्कार में सफल होने वाले अधिकारियों को ही पदोन्नति का लाभ मिलेगा. प्रबंधन का कहना है कि यह व्यवस्था पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लागू की गई है. कर्मचारियों के बीच इस फैसले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है.