Bokaro News: सेल प्रबंधन ने बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत 40 अधिकारियों का अंतर विभागीय तबादला किया है. जारी आदेश में सहायक प्रबंधक से लेकर सहायक महाप्रबंधक स्तर तक के अधिकारियों को शामिल किया गया है. सभी अधिकारियों को तत्काल अपने मौजूदा विभाग से विरमित होकर नए विभाग में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
प्रबंधन के अनुसार यह बदलाव संयंत्र की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और उत्पादन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है. तबादले की सूची में ऐसे कई अधिकारी शामिल हैं, जो लंबे समय से एक ही विभाग में कार्यरत थे.
सेल प्रबंधन का मानना है कि अलग-अलग विभागों में काम करने से अधिकारियों को संयंत्र की पूरी उत्पादन प्रक्रिया को समझने का मौका मिलता है. इससे निर्णय लेने की क्षमता, तकनीकी दक्षता और समस्याओं के समाधान की क्षमता में भी सुधार होता है.
उत्पादन और तकनीकी विभागों में सबसे ज्यादा बदलाव
तबादले के तहत बोकारो इस्पात संयंत्र के उत्पादन, तकनीकी, कार्मिक और चिकित्सा विभागों में व्यापक फेरबदल किया गया है.
सहायक महाप्रबंधक स्तर पर फजल मोहम्मद को पीपीसी से कोक अवन, जीरामल मांझी को डीएनडब्ल्यू से सीआरएम-3, प्रणव कुमार मिश्रा को हॉट स्ट्रिप मिल से आरएंडसी लैब और मदी बानो को सीआरएम-3 से हॉट स्ट्रिप मिल भेजा गया है.
इसके अलावा वैभव मिश्रा को सीआरएम-3 से गैस यूटिलिटी, आदित्य कुमार को आरजीबीएस से तकनीकी सेल, राजेंद्र भगत को हॉट स्ट्रिप मिल से सीआरएम-3 और विनय कुमार राय को कोक अवन से सीएमएम में पदस्थापित किया गया है.
वरिष्ठ और उप प्रबंधक स्तर पर भी बदलाव
वरिष्ठ प्रबंधक स्तर पर भी कई अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं. इसमें अरिजीत बनर्जी को आरएंडसी लैब से हॉट स्ट्रिप मिल, बजरंग उपाध्याय को सीआरएम-3 से हॉट स्ट्रिप मिल और दीपक कुमार को सीआरएम-1 एवं 2 से आरजीबीएस भेजा गया है.
वहीं धनंजय प्रताप सिंह को सीएमएम से कोक अवन, रविकांत चक्रवर्ती को आरएमएचपी से हॉट स्ट्रिप मिल और अमित कुमार को एसएमएस-2 से न्यू एसएमएस में नई जिम्मेदारी दी गई है.
उप प्रबंधक स्तर पर महेश कुमार बर्णवाल, सुरेश कुमार रजवार और दिनेश प्रसाद को एसएमएस-2 से न्यू एसएमएस भेजा गया है. जबकि सहायक प्रबंधक स्तर पर शुभम कुमार को न्यू एसएमएस से एसएमएस-2 (सीसीएस विभाग) में पदस्थापित किया गया है.
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह फेरबदल अधिकारियों के अनुभव को व्यापक बनाने और संयंत्र के बेहतर संचालन में मदद के लिए किया गया है. सभी स्थानांतरित अधिकारियों को नए विभागों में जल्द कार्यभार संभालने को कहा गया है.