Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-28

Bihar News : मुजफ्फरपुर में एयरफोर्स कर्मी के घर डकैती, बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर 30 लाख की लूट

Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित राजखंड गांव में हथियारबंद बदमाशों ने एयरफोर्स कर्मी के घर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक लूटपाट की और 30 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर, 70 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुट गई है।


बुजुर्ग दंपती को बनाया निशाना, दो घंटे तक घर में मचाया उत्पात

जानकारी के अनुसार, राजखंड गांव वार्ड संख्या-1 निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शंकर दयाल के घर चार से पांच हथियारबंद बदमाश सीढ़ी के सहारे छत से दाखिल हुए। उस समय उनकी पत्नी सुनीता देवी कमरे में सो रही थीं, जबकि शंकर दयाल बरामदे में थे।

बदमाशों ने सुनीता देवी के मुंह पर तकिया रखकर उन्हें काबू में किया, बंदूक के बल पर धमकाया और आंखों पर पट्टी बांधकर हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उन्होंने आलमारी और ट्रंक तोड़कर करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के जेवर, 70 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए।

एफएसएल टीम के साथ जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में दोनों बहुओं के भी आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें भी बदमाश अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर रात करीब ढाई बजे फरार हो गए। किसी तरह खुद को मुक्त करने के बाद सुनीता देवी ने शोर मचाया, तब शंकर दयाल को घटना की जानकारी हुई।

शंकर दयाल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा भारतीय वायुसेना में राजस्थान में तैनात है, जबकि छोटा बेटा छत्तीसगढ़ के रायपुर में नौकरी करता है। घर में केवल वे और उनकी पत्नी ही रहते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। डीएसपी पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृहभेदन और डकैती का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !