Bihar News : बिहार के जहानाबाद जिले में अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घोसी थाना क्षेत्र के चैती पिपरा स्थित फल्गू नदी के पास बालू उठाव को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं।
बालू उठाव को लेकर शुरू हुआ विवाद, ताबड़तोड़ चली गोलियां
जानकारी के अनुसार, फल्गू नदी से अवैध बालू उठाव को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग शुरू होते ही मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना में कई लोगों को गोली लगने और घायल होने की सूचना है।
घायलों को पीएमसीएच रेफर, आरोपियों की तलाश में छापेमारी
घटना के बाद सभी घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है तथा घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।