Bihar News: बिहार के रोहतास जिले में प्रधानमंत्री Narendra Modi की ओर से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील का अनोखा विरोध देखने को मिला। डेहरी के पाली रोड स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान “श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स” के मालिक सच्चिदानंद प्रसाद ने अपने ज्वेलरी शॉप के सामने ही चाय-पकौड़ा और नाश्ते का स्टॉल खोल दिया।
ज्वेलरी शॉप के बाहर अब चाय की खुशबू
सच्चिदानंद प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों ने सोना-चांदी खरीदना लगभग बंद कर दिया है। इससे आभूषण कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और दुकानों में ग्राहकों की संख्या बेहद कम हो गई है। उनका कहना है कि कारोबार ठप होने से अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मुख्य पार्षद ने काटा फीता
इस अनोखे विरोध को और खास बनाने के लिए डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी को उद्घाटन समारोह में बुलाया गया। उन्होंने फीता काटकर चाय-पकौड़ा स्टॉल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी और लोगों ने इस विरोध के तरीके को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं।
अब सोने की जगह बिकेगा नाश्ता
ज्वेलर्स का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो कई सर्राफा व्यवसायियों को वैकल्पिक रोजगार अपनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि परिवार चलाने के लिए अब चाय, पकौड़ा और नाश्ता बेचना ही एकमात्र रास्ता बचता दिख रहा है। इसी सोच के तहत उन्होंने अपने ज्वेलरी शॉप के सामने फूड स्टॉल लगाने का फैसला लिया।
पीएम की अपील पर देशभर में चर्चा
बताया जा रहा है कि वैश्विक आर्थिक मंदी और आर्थिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अगले एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की है। इस बयान के बाद स्वर्णकार समाज में नाराजगी देखी जा रही है और कई जगहों पर कारोबारी अलग-अलग तरीकों से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।