BREAKING : कोयला घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुडे लोगों पर कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी ने एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, भाई विश्वविजय सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह समेत पांच लोगों को समन जारी किया है। इनमें अनिल गोयल से जुडे दो लोग शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह भी शामिल हैं।
अलग-अलग तारीखों पर ED कार्यालय में होगी पेशी
ईडी ने आरती सिंह को 20 अगस्त को क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है। वहीं विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त को हाजिर होने के लिए कहा गया है। अनिल गोयल से जुडे शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह को भी अगले सप्ताह पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
ईडी की ओर से इन सभी से कोयला कारोबार और जांच के दौरान सामने आए लेनदेन से जुडी जानकारी हासिल की जा सकती है। एजेंसी मामले में वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों से जुडे दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
28 जुलाई की छापेमारी में 160 करोड का निवेश फ्रीज
गौरतलब है कि ईडी ने 28 जुलाई को धनबाद के कोयला कारोबारियों के खिलाफ दूसरे दौर की छापेमारी की थी। कार्रवाई के दायरे में एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुडे लोगों को भी शामिल किया गया था। छापेमारी के दौरान एलबी सिंह से जुडे करीब 160 करोड रुपये के निवेश को फ्रीज किया गया था। इसके अलावा अलग-अलग ठिकानों से 200 से अधिक सेल डीड भी जब्त किए गए थे। ईडी इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी की जांच आगे बढने के साथ मामले में और लोगों से पूछताछ होने की संभावना है।