BREAKING: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए जानलेवा हमले में घायल करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की मौत के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित एनकाउंटर की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने देर रात महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रात्रि पोस्टमार्टम कराने का आदेश जारी किया।
उपायुक्त के आदेश के बाद आधी रात एमजीएम पोस्टमार्टम हाउस में आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गईं। सुरक्षा के मद्देनजर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
इस दौरान टीएमएच स्थित पुलिस शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सिटी एसपी, एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक के बाद रात करीब ढाई बजे हिमांशु सिंह के शव को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच टीएमएच से एमजीएम पोस्टमार्टम हाउस लाया गया। यहां पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। सुरक्षा कारणों से पोस्टमार्टम हाउस के भीतर किसी भी बाहरी व्यक्ति या परिजन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
अब सबकी नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और बिना परिवार की मौजूदगी में कराए गए पोस्टमार्टम पर परिजनों की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।