Amravati Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने SNCU वार्ड में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि आग एक वेंटिलेटर में धमाके के बाद लगी. हादसे के समय वार्ड में 39 नवजात बच्चे भर्ती थे. इस हादसे में 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई. वहीं 6 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
वेंटिलेटर में धमाके के बाद वार्ड में फैली आग
हादसा रविवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ. तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु देखभाल इकाई में बच्चों का इलाज चल रहा था. इसी दौरान एक वेंटिलेटर में अचानक जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद वार्ड में आग फैल गई और धुआं भर गया. आग लगते ही अस्पताल में अफरा तफरी मच गई. डॉक्टरों और नर्सों ने तुरंत बचाव का काम शुरू किया. स्वास्थ्य कर्मियों ने धुएं के बीच जाकर बच्चों को एक एक कर बाहर निकाला. इस दौरान 36 नवजात बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया.
6 नवजात बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भेजा गया
हादसे में गंभीर रूप से प्रभावित 6 नवजात बच्चों को तुरंत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भेजा गया. वहां डॉक्टरों की टीम बच्चों का इलाज कर रही है. उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. शुरुआती जानकारी में वेंटिलेटर में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आने की उम्मीद है.