Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवार को स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। जयप्रकाश उद्यान परिसर में बिजली के पोल को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे चार युवकों में से दो को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार युवक पार्क परिसर में लगे बिजली के पोल को काट रहे थे। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने जब उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो चारों युवक भागने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों ने पीछा कर दो युवकों को दबोच लिया, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कभी बिजली के तार, तो कभी लोहे के सामान और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
नियमित गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पकड़े गए युवक किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।