Adityapur News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक ही परिवार के दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित दीपक सिंह ने इस संबंध में थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए पड़ोसी पर हथियार से हमला करने और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है.
पीड़ित के अनुसार घटना 8 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे की है. उनका आरोप है कि पड़ोसी सोनी देवी के पति छोटू सिंह उनके घर पहुंचे और तलवार से हमला कर दिया. इस दौरान दीपक सिंह की मां मुन्नी देवी बीच-बचाव करने आईं, लेकिन हमले में उनके हाथ में गंभीर चोट लग गई.
आरोप है कि इसके बाद छोटू सिंह ने अपने बच्चों आर्यन और आकांक्षा के साथ मिलकर दीपक सिंह की पत्नी और मां के साथ भी मारपीट की. इस घटना में परिवार के दो सदस्यों को चोटें आई हैं.
दीपक सिंह ने बताया कि उन्होंने मामले की लिखित शिकायत आदित्यपुर थाना में दी है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर न्याय की मांग की है. पीड़ित का कहना है कि घटना का एक वीडियो भी अधिकारियों को सौंपा गया है, जिसमें मारपीट की पूरी घटना देखी जा सकती है.
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से आगे की जांच की बात कही जा रही है.