Adityapur Big News: आदित्यपुर नगर निगम ने थाना रोड क्षेत्र में बिना अनुमति कराए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ गुरुवार को सख्त कार्रवाई की. दंडाधिकारी की मौजूदगी में निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया गया. साथ ही भवन निर्माणकर्ता अजय त्रिपाठी पर 3 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस भवन निर्माण पर पहले ही रोक लगाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी था. शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई की गई.
कार्रवाई के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी डॉ. आनंद कुमार आनंदमय, सहायक नगर नियोजन पदाधिकारी डॉ. मीत फतेवार, नगर प्रबंधक सौरभ वर्मा, रॉबिन कच्छप, देवाशीष प्रधान और निगरानी टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे. आदित्यपुर थाना से पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे भवन को सील किया गया.
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. बिना नक्शा पास कराए या भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से नियमों का पालन करते हुए ही निर्माण कार्य कराने की अपील की है.