Ramgarh: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक से शुरू हुई एक दोस्ती अब दो परिवारों के बीच गंभीर विवाद और पुलिसिया कार्रवाई का कारण बन गई है। यह मामला रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र तक जा पहुंचा है, जहां दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
चार बच्चों की मां से हुई दोस्ती राजकुमार केसरी की
जानकारी के अनुसार, सेलहारा कला निवासी राजकुमार केसरी उर्फ बबलू की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व सोनी देवी से हुई थी। इस दंपती के तीन बच्चे हैं। रोज़गार के सिलसिले में राजकुमार केसरी केरल में रहकर जेसीबी मशीन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी फेसबुक के माध्यम से रिंकी देवी नामक महिला से पहचान हुई, जो पहले से विवाहित हैं और चार बच्चों की मां बताई जा रही हैं।
ऑनलाइन से शुरू हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदली
ऑनलाइन बातचीत से शुरू हुआ यह संपर्क धीरे-धीरे कथित रूप से प्रेम संबंध में बदल गया। आरोप है कि इसके बाद राजकुमार केसरी अपने परिवार से दूरी बनाने लगे। वहीं रिंकी देवी भी अपने पति और बच्चों को छोड़कर केरल पहुंच गईं और दोनों वहां साथ रहने लगे।
पत्नी पति को कुजू लाई वापिस
जब इस संबंध की जानकारी राजकुमार की पत्नी सोनी देवी को मिली, तो वह केरल पहुंचीं और किसी तरह अपने पति को अपने साथ कुजू ले आईं। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका, क्योंकि कथित प्रेमिका रिंकी देवी भी उनके पीछे-पीछे कुजू पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि रास्ते में रिंकी देवी के परिजनों ने राजकुमार केसरी को रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद और बढ़ गया। स्थिति बिगड़ते देख दोनों पक्ष कुजू ओपी पहुंचे, जहां घंटों तक पूछताछ चली।
प्रेमी प्रेमिका ने अलग होने से किया इंकार
पूछताछ के दौरान कथित प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे से अलग होने से साफ इनकार कर दिया और आत्महत्या करने की धमकी भी दी, जिससे पुलिस के सामने स्थिति और जटिल हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों को महिला थाना, रामगढ़ भेज दिया है।
पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी
फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार कर रही है। इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है और सोशल मीडिया से शुरू हुए रिश्तों के सामाजिक प्रभाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।