Jharkhand: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को झारखंड के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर देवघर पहुंचे। उनका विमान देवघर एयरपोर्ट पर उतरा, जहां राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, संताल परगना के डीआईजी अंबर लकड़ा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने उनका औपचारिक स्वागत किया। आगमन के तुरंत बाद पुलिस बल की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की
देवघर पहुंचने के पश्चात मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर विशेष पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मीडिया प्रतिनिधियों ने किया सवाल
पूजन के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों ने उनसे एसआईआर सहित अन्य समसामयिक मुद्दों पर प्रश्न किए, लेकिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किसी भी विषय पर विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि उनका आगमन देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना के उद्देश्य से हुआ है तथा उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से भारत के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की है।
जय भारत, जय हिंद
अंत में उन्होंने झारखंडवासियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा, “झारखंड के सभी भाई-बहनों को मेरा सादर अभिनंदन। जय भारत, जय हिंद।” उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।