Health: हमारे किचन के मसालों के डिब्बे में रखी सौंफ अक्सर केवल माउथ फ्रेशर के तौर पर देखी जाती है। लेकिन हालिया वैज्ञानिक शोधों और आयुर्वेद की मानें तो यह छोटी सी दिखने वाली सौंफ गंभीर बीमारियों से लड़ने और शरीर को अंदर से मजबूत बनाने की अद्भुत क्षमता रखती है।
पोषक तत्वों का खजाना
अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक रिपोर्ट के अनुसार, सौंफ केवल स्वाद ही नहीं बल्कि एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर, विटामिन सी, पोटैशियम और मैग्नीशियम का पावरहाउस है। इसमें मौजूद फेनोलिक एसिड और फ्लावोनोइड्स जैसे यौगिक शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
पाचन और वजन घटाने में रामबाण
अक्सर भारी खाने के बाद पेट में होने वाली गैस और अपच की समस्या के लिए सौंफ एक प्राकृतिक औषधि है। यह पाचन एंजाइमों को सक्रिय करती है, जिससे खाना आसानी से पच जाता है। भूख पर नियंत्रण रिसर्च बताती है कि सौंफ चबाने से लार अधिक बनती है, जिससे पेट भरा हुआ महसूस होता है। यह बेवजह की क्रेविंग को कम कर वजन घटाने में मददगार साबित होती है।
महिलाओं के लिए विशेष लाभकारी
सौंफ में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करने में सहायक हैं। डॉक्टरों के अनुसार, महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाली ऐंठन और जोड़ों के दर्द में सौंफ का सेवन काफी राहत दे सकता है।
चाहे वह आंखों की रोशनी बढ़ानी हो या रक्तचाप को नियंत्रित करना, सौंफ का सही मात्रा में नियमित सेवन आपको दवाओं से दूर रख सकता है। तो अगली बार जब आप सौंफ खाएं, तो याद रखें कि आप केवल स्वाद नहीं, बल्कि अच्छी सेहत भी चबा रहे हैं।