Seraikela News: सरायकेला जिले में जर्जर सड़कों के बावजूद टोल वसूली किए जाने के विरोध में विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक रजक से मुलाकात की. विधायक प्रतिनिधि ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक जेआरडीसीएल द्वारा सड़कों की मरम्मत कर उन्हें दुरुस्त नहीं किया जाता है, तब तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी.
विधायक प्रतिनिधि के आरोप
विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि जिले से होकर गुजरने वाले तीनों टोल प्लाजा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं. इन सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद जेआरडीसीएल द्वारा लगातार टोल वसूली की जा रही है, जो आम जनता के साथ अन्याय है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने जताई आपत्ति
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपई सोरेन से भी दूरभाष पर पदाधिकारियों की बात कराई. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कड़ी आपत्ति जताते हुए जेआरडीसीएल को अविलंब सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने दी चेतावनी
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने जेआरडीसीएल के पदाधिकारियों को तत्काल सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में लापरवाही बरती गई तो संबंधित एजेंसी को टोल वसूली से रोक दिया जाएगा.