Chakradharpur: चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक बार फिर मालगाड़ी बेपटरी हो गई। घटना के दौरान मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे मुंबई–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग की अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
मरम्मत का कार्य शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग की टीम और राहत कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। बेपटरी डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि ट्रेन सेवा जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस हादसे से मालगाड़ियां प्रभावित
इस हादसे के कारण चक्रधरपुर मंडल में लंबी दूरी की यात्री और मालगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। पुरी–ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस का परिचालन रद्द रहा, वहीं टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस और शालीमार–मुंबई समरसता एक्सप्रेस में छह घंटे की देरी हुई। हावड़ा–कांटाभांजी इस्पात एक्सप्रेस को झारसुगुड़ा में शॉर्ट टर्मिनेट करना पड़ा।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। चक्रधरपुर मंडल में लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं ने ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताया और आश्वासन दिया कि परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही पूर्ण रूप से बहाल किया जाएगा।