Jharkhand: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग 8 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक अहम समीक्षा बैठक करेगा। इस बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारी (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), नगर विकास सचिव, डीजीपी, गृह सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में चुनाव की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि यह पहली समीक्षा बैठक होगी और चुनाव की घोषणा से पहले इस तरह की कई बैठकें की जाएंगी।
इन शहरों में होंगे नगर निकाय चुनाव
नगर निगम, रांची, हजारीबाग, मेदनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर, मानगो
नगर परिषद- गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो, मिहिजाम
नगर पंचायत
बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला, चाकुलिया
जनवरी में हो सकती है चुनाव की घोषणा
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निकाय चुनाव की घोषणा जनवरी के तीसरे सप्ताह में किए जाने की संभावना है। जिलास्तरीय तैयारियों की समीक्षा के बाद ही चुनाव की तारीख तय की जाएगी।
अगली सुनवाई 30 मार्च को
सूत्रों के मुताबिक पूरी चुनावी प्रक्रिया के लिए कम से कम 8 सप्ताह की तैयारी और करीब 45 दिन का अतिरिक्त समय जरूरी है। आयोग ने इस संबंध में हाईकोर्ट में शपथपत्र भी दाखिल किया है। मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को होनी है।