Jamshedpur: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन शिक्षण संस्थान एक्सएलआरआइ जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर में जेआरडी टाटा फाउंडेशन फॉर बिजनेस एथिक्स के सहयोग से वर्ष 2026 में तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह वैश्विक सम्मेलन 9 जनवरी 2026 को शाम 4:30 बजे आरंभ होगा और 11 जनवरी 2026 को दोपहर 1:00 बजे तक एक्सएलआरआइ परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय सम्मेलन की केंद्रीय थीम “व्यवसाय और नेतृत्व की नई कल्पना: नैतिकता, सततता और जिम्मेदार विकास का भविष्य” रखी गई है। सम्मेलन का उद्देश्य भारत और विश्व के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और व्यावसायिक प्रैक्टिशनर्स को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वह व्यवसाय और नेतृत्व के बदलते आयामों पर गहन एवं सार्थक संवाद कर सकें।
सम्मेलन के दौरान नैतिक नेतृत्व, सतत एवं जिम्मेदार व्यावसायिक ढाँचे, समावेशी विकास, मानव-केंद्रित अर्थव्यवस्था और भविष्य के नेतृत्व मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेष रूप से लाभ-आधारित सोच से आगे बढ़कर मूल्य-आधारित व्यवसाय, संस्थानों के नैतिक पुनर्गठन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानव भविष्य के आपसी संबंध, तथा पृथ्वी-केंद्रित उत्तर-विकास दृष्टिकोण पर चर्चा की जाएगी।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एक्सएलआरआइ की जिम्मेदार प्रबंधन शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है और भावी नेतृत्व में नैतिक संवेदनशीलता विकसित करने की उसकी दीर्घकालिक भूमिका को और सशक्त बनाता है। कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वस्तरीय विशेषज्ञों के मुख्य भाषण, शोध पत्र प्रस्तुतियां, कार्यशालाएं, पैनल चर्चाएं और इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मानव-केंद्रित नेतृत्व, उत्तरदायी कॉर्पोरेट गवर्नेंस, सततता, समानता, सामाजिक कल्याण और एआई के सामाजिक प्रभाव जैसे विषय शामिल होंगे।
उद्योग जगत के पेशेवरों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों को इस परिवर्तनकारी वैश्विक संवाद में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि भविष्य के व्यवसाय और नेतृत्व को अधिक नैतिक, समावेशी और उत्तरदायी दिशा दी जा सके।